Friday, March 2, 2012

हैलो! पटना !!!



सितम्बर २००५ में रुनझुन मुज़फ्फरपुर को अलविदा कह, बिहार की राजधानी पटना आ गयी.... नया शहर... नए लोग... नया स्कूल... सब कुछ नया-नया.... शुरू में कुछ दिन तो रुनझुन को इस नए शहर में बिलकुल भी अच्छा नहीं लगा... उसे अपने पुराने घर और वहाँ के लोगों की बहुत याद आती थी... इसलिए वो कुछ उदास रहने लगी... बस, भाई के साथ खेलकर ही उसे कुछ अच्छा लगता...   

नए घर में उदास बैठी बेटी 

यूँ तो सबसे अच्छा, सबसे सच्चा, प्यारा दोस्त
साथ था...  

लेकिन पिछली यादें साथ ही न छोड़ती...

जब कई दिनों तक रुनझुन की ये उदासी खत्म ना हुई तो फिर मम्मी-पापा  उसे पटना का चिड़ियाघर (Zoological and Botanical Garden) जिसे संजय गाँधी जैविक उद्यान भी कहते हैं, दिखाने ले गए... वहाँ जाकर रुनझुन को लगा जैसे वो किसी दूसरी ही दुनिया में आ गयी है... वहाँ रुनझुन के सबसे प्यारे दोस्त यानि ढेर सारे पेड़-पौधे तो थे ही साथ ही  इतने सारे छोटे-बड़े जानवर, तरह-तरह के पक्षी..... शेर, भालू, चीता, जेब्रा, दरियाई घोड़ा, मगर, घड़ियाल, हिरन, बारहसिंगा, हेमू, खरगोश, बन्दर, लंगूर, मोर, तोता, सारस, बगुला....... और...और.....और भी बहुत सारे पशु-पक्षी जिन्हें वो अपनी रंग-बिरंगे चित्रों वाली किताब में या फिर कभी-कभी टेलीविजन पर देखा करती थी.... आज उन सबको इतने पास अपनी आँखों से चलते-फिरते, उछलते-कूदते देख कर उसके आश्चर्य का ठिकाना न था... बस फिर क्या था थोड़ी ही देर में रुनझुन का मूड फ्रेश हो गया... 








Beautiful white Tiger 


कुछ दिखा ?...नहीं ?.... अरे ! ज़रा ध्यान से देखिये ..
वो रुनझुन के पीछे कोने में टाइगर दुबक के बैठा है..
शायद रुनझुन से डर गया!!!!!...ही-ही-ही!!!!


तभी घूमते-घूमते अचानक रुनझुन चौंक पड़ी!!!! 

अरेsss!! इत्तीsss बड़ी मछली????.... 

लेकिन तब मम्मी ने बताया कि ये Fish Aquqrium है, इसके अंदर तरह-तरह की रंग-बिरंगी मछलियाँ देखने को मिलेंगी.... ये Aquarium एक बड़ी सी मछली के आकार का था... 


ये रहा Aquarium का आगे का भाग...  


और ये उसका बाकी हिस्सा 


अंदर बहुत सुन्दर-सुन्दर छोटी-बड़ी मछलियाँ थी, उनकी फोटो तो नहीं खीच सके लेकिन उन्हें देखकर रुनझुन बहुत खुश हुई...और क्यों न हो इससे पहले उसने अपनी किताबों में मछलियों के चित्र भर ही देखे थे...यूँ रंगबिरंगी मछलियों को चलते-फिरते-तैरते देखकर रुनझुन ख़ुशी से उछल पड़ी....
चिड़ियाघर में पशु-पक्षी, हाथी की सवारी, टॉय ट्रेन के अलावा एक और अनोखी चीज़ थी जो रुनझुन के लिए बड़ी ही कौतूहल भरी थी... बता सकते हैं क्या ???......
                      गौर से देखिये तो ज़रा.....................


आप पहचान गए न!.... लेकिन रुनझुन नहीं समझ पा रही थी कि ये कुछ-कुछ ट्रेन जैसी दिखने वाली क्या चीज़ है.... वो झट से उसमें चढ़ गयी... बाद में उसे पता चला कि ये भाप से चलने वाला इंजन है, बहुत साल पहले ट्रेन ऐसे ही इंजनों द्वारा चलती थी... रुनझुन हैरान.... झटपट उसने अंदर जाकर इधर-उधर देखा लेकिन.......

उसकी कुछ समझ में नहीं आया कि आखिर ये चलता कैसे है 

ना! ये तो चलता ही नहीं बस एक जगह खड़ा है!!!


और अंततः कुछ-कुछ समझते... कुछ-कुछ न समझते हुए रुनझुन इंजन में से उतर गई... ये इंजन तो चला नहीं.. लेकिन कोई बात नहीं टॉय ट्रेन ने तो उसे पूरा चिड़ियाघर घुमा ही दिया था..... रुनझुन खुशी-खुशी घर की ओर चल दी....... हाँ, घर जाते समय अब वो अपने इस नए शहर से भी बहुत-बहुत खुश थी... इस नए शहर में बहुत अच्छी-अच्छी चीजें उसे देखने को मिली.... हाँ, अब उसे अपना ये नया शहर भी अच्छा लगने लगा था...। 




Wednesday, February 29, 2012

बाय-बाय..... मुज़फ्फरपुर !!!


वन्दे मातरम!


रुनझुन और मुज़फ्फ़रपुर का साथ बस इतने ही दिनों का था... २००५ का स्वाधीनता दिवस और उसके बाद रक्षाबंधन (१९अगस्त २००५) रुनझुन के आख़िरी त्योहार थे मुज़फ्फ़रपुर में.... लेकिन साथ ही ये रुनझुन का भाई के साथ पहला रक्षाबंधन भी था और इसे रुनझुन ने बड़े ही प्यार से सेलिब्रेट किया...
हाँ! नटखट भाई को टीका करना, राखी बाँधना और उसे मिठाई खिलाना बिलकुल भी आसान नहीं था क्योंकि वो शैतान तो कुछ समझता ही नहीं था.... बस कैमरे को देख उसे पकड़ने के लिए भागने लगता...  लेकिन  रुनझुन ने भी हार नहीं मानी और काफी मशक्कत के बाद भाई को राखी बाँध ही दी.....



एक नज़र...

सबसे पहले भाई के माथे पर तिलक कर आरती उतारी

और फिर उसकी नन्ही कलाई में राखी बांधी

लेकिन बस!... इसके बाद भाई भागने को तैयार ! 

रुनझुन ने उसे जबरदस्ती गोद में उठा लिया 

पर आख़िर कितनी देर..!!!.....

और देखिये! वो दौड़ पड़ा कैमरे की ओर...

इन सब प्यारी-प्यारी, नटखट, चुलबुली यादों का पिटारा सहेज... मुज़फ्फ़रपुर को अलविदा कह रुनझुन चल पड़ी नए शहर में... नयी यादें संजोने.....



Monday, February 27, 2012

भाई ने खाना खाया...





अगस्त २००५... छुकछुक गाड़ी में रुनझुन का एक और सफर... लेकिन इस बार सफर में खेलने के लिए नन्हा भाई भी उसके साथ था... और वो जा रही थी रांची दादा-दादी के पास जहाँ १० अगस्त २००५ को भाई का अन्नप्राशन संस्कार होना था... रुनझुन बहुत ही उत्साहित और कौतूहल से भरी थी... एक नज़र डालते हैं रुनझुन की इस रेलयात्रा पर....   






और अब बात अन्नप्राशन के निमंत्रण-पत्र की... तो इस बार भी निमंत्रण-पत्र हस्त-निर्मित ही था और रुनझुन की ओर से ही था... हाँ... इस बार का सारा निमंत्रण-पत्र कोमल मौसी ने अपने हाथों से बनाया था... और रुनझुन की ओर से लिखा भी उन्होंने ही था... ये रंग-बिरंगा कार्ड रुनझुन को तो बहुत ही पसंद है... ज़रा देखिये आपको कैसा लगता है..... 

















रांची में जगन्नाथ मंदिर में भाई का अन्नप्राशन होना था...रुनझुन बड़े ही उत्साह के साथ वहाँ पहुँची लेकिन नन्ही सी रुनझुन इतनी सारी सीढ़ियाँ देखकर परेशान हो गई.... कैसे चढ़ेगी ???.... आखिरकार दादी की मदद से वो ऊपर पहुँच ही गयी... और... तब... भाई का अन्नप्राशन संस्कार आरम्भ हो गया... कैसे और क्या-क्या हुआ ??... आइये देखते हैं.... 






सबसे पहले मामा ने भाई को मंदिर में भगवन जी का दर्शन कराया.... पंडित जी ने माला पहनाई.... और फिर...


भाई को प्यारी सी छोटी सी धोती पहनाई गई फिर मामा ने चाँदी की कटोरी में चाँदी के चम्मच से भाई को खीर खिलाई... 
( हाँ एक मज़ेदार बात तो बताना भूल ही गई... खाने के मामले में लगता है भाई को कुछ ज्यादा ही हड़बड़ी थी तभी तो भाई का अन्नप्राशन भी पांचवें ही महीने में हो गया और भाई का पहला दांत भी पांचवे महीने में ही निकल आया.)  



फिर सब बहनों ने एक रस्म के मुताबिक बारी-बारी से भाई को प्यार और आशीर्वाद दिया... 



उसके बाद एक बार फिर भाई का गेटअप चेंज किया गया और अब वो नन्हा कान्हा बन चुका था....(टकलू कान्हा...हा-हा-हा) 


अन्नप्राशन के अगले दिन सुबह दादी ने भाई को रसगुल्ला खिलाया... रुनझुन खुश... भाई को तो ठीक से खाना आता नहीं था लेकिन रुनझुन ने मज़े ले-लेकर रसगुल्ले खाए....







रसगुल्ले की पूरी प्लेट रुनझुन के हवाले 

और फिर एक दिन बाद भाई को अनाज यानि दाल-चावल, सब्जियां भी खिलाई गयी... लेकिन रुनझुन ये सोच कर हैरान थी कि सब लोग भाई को खाना खिलाने की इतनी कोशिश क्यों कर रहे हैं...!!!... अभी तो उसके दांत ही नहीं है जब उसके भी रुनझुन जैसे ढेर सारे दांत आ जायेंगे तो वो खुद ही खाने लगेगा...


...लेकिन अब ये छोटी सी बात वो इन बड़े लोगों को कैसे समझाए... 


है कोई तरकीब किसी के पास......?????????? 



Wednesday, February 8, 2012

बातों का सिलसिला जारी है...


इस बार रुनझुन खुद आपके साथ बातें करने वाली थी लेकिन अगले महीने यानि मार्च में रुनझुन की वार्षिक परीक्षाएँ हैं और आज-कल रुनझुन रिवीज़न टेस्ट में व्यस्त है इसलिए रुनझुन की बातों का सिलसिला फिलहाल मैं ही जारी रखती हूँ... रुनझुन के फ्री होने तक.... 




नन्हे-मुन्ने भाई के आ जाने से रुनझुन सचमुच बड़ी और बहुत ही समझदार दीदी बन गयी थी... भाई के साथ रुनझुन बहुत ही प्यार से रहती और खूब खेलती....


नन्हा भाई दीदी की गोद में 

मस्ती ही मस्ती !

छोटे से भाई की नन्ही सी दीदी 

जल्दी ही रुनझुन बनारस से मुज़फ्फरपुर वापस आ गयी और अब भाई के साथ मस्ती करने के साथ ही साथ रुनझुन की पढ़ाई और स्कूल का सिलसिला फिर से शुरू हो गया.... 


स्कूल के लिए तैयार...

लेकिन भाई को छोड़कर जाने का मन नहीं... 

और अब ये देखिये.....

अरे हंसिये नहीं स्कूल ही जा रहीं हूँ पर..
अब बारिश का मौसम आ गया है...


और भी ढेर सारी बातें... अगली बार.....



Tuesday, January 31, 2012

Runjhun is back again...


लगभग ढाई महीने से रुनझुन के ब्लॉग पर ख़ामोशी थी.... कहीं कोई हलचल नहीं.... किन्तु ब्लॉग पर भले ही कोई हलचल न हो ज़िन्दगी तो हर वक़्त हलचलों से ही भरी रहती है... हर पल कुछ  न कुछ नया घटित होता रहता है.... इस बीच भी बहुत कुछ नया घटित होता रहा... जहाँ एक तरफ दशहरा-दीपावली, नव-वर्ष, मकर संक्रांति, गणतंत्र दिवस, सरस्वती पूजा जैसे हर्षोल्लास भरे पर्व इसी बीच गुज़र गए, वहीं रुनझुन का जन्मदिन भी आकर गुज़र गया... लेकिन इन सबके बीच बहुत ही दुखद रहा रुनझुन की दादी का अकस्मात् गुज़र जाना... ब्लॉग पर ख़ामोशी की प्रथमतः वजह यही थी... और फिर जो एकबार तारतम्य टूटा तो फिर जुड़ने में वक़्त लगता ही चला गया...लेकिन धीरे-धीरे हम सबने खुद को संभाल लिया और वक़्त के साथ ज़िन्दगी रफ़्ता-रफ़्ता अपने ढर्रे पर लौट आई... तो अब रुनझुन भी ब्लॉग जगत में लौट आई है आप सबके पास, आप सबसे बातें करने... 

बीते 7 नवम्बर 2011 को रुनझुन ने अपनी उम्र के दस वर्ष पूरे कर लिए हैं... अपने इस जन्म दिन पर वो अपनी बातें खुद आपसे करना चाहती थी (अब तक रुनझुन की बातें रुनझुन की माँ के द्वारा आप तक पहुँच रही हैं) पर ऐसा हो न सका... संभवतः अगली पोस्ट से रुनझुन अपनी बातें खुद ही आपको बताएगी... लेकिन फिलहाल आज तो रुनझुन की बातों के साथ मैं यानि रुनझुन की माँ हाज़िर हूँ.... और आज मैं आपको रुनझुन के उस साथी या कहिये उस दोस्त से मिलवाने जा रही हूँ जो रुनझुन का सबसे प्यारा साथी है...और वो है रुनझुन का प्यारा-दुलारा छोटा भाई "शाश्वत"....  

3-4 मार्च 2005 की अर्धरात्रि में 12 बजकर तेरह मिनट पर भगवान जी ने रुनझुन को एक बहुत ही प्यारा सा तोहफा दिया और उन्होंने रुनझुन की दुनिया में उसके सबसे प्यारे दोस्त, उसके नन्हे से भाई को उसके पास भेज दिया... 


नन्हा शाश्वत 


उस समय तो रुनझुन घर में नानी के पास सो रही थी... सुबह जैसे ही उसे ये खुशखबरी मिली वो फटाफट तैयार होकर हास्पिटल चल पड़ी अपने नन्हे भाई से मिलने..... 






वहाँ पहुँच मम्मी की बगल में सोये नन्हे-मुन्ने प्यारे से भाई को देखकर तो रुनझुन की ख़ुशी का कोई ठिकाना न था... ख़ुशी से लबरेज रुनझुन के कौतूहल भरे प्रश्नों की तो मानो झड़ी ही लग गई....मम्मी भाई कब जागेगा?...कब वो मेरे साथ खेलेगा?... वो कब बोलना शुरू करेगा?...आदि-आदि...न जाने कितने-कितने प्रश्न... 


हास्पिटल में मम्मी, भाई और कोमल मौसी के साथ  


और उसके बाद तो रुनझुन का ज़्यादातर समय नन्हे भाई के संग ही बीतता... बड़े ही प्यार के साथ कभी वो उससे प्यारी-प्यारी बातें करती... तो कभी उसकी नन्ही-नन्ही कोमल उँगलियों और नाज़ुक नर्म गालों को बड़े कौतूहल और प्यार से सहलाती...तो कभी उसके सामने झुक कर अपने बालों को उसके हाथों से स्पर्श कराके कहती... भाई मेरे बालों को पकड़ो... नन्हा भाई बहना के इस प्यारे से खेल को समझने की कोशिश में उसे टुकुर-टुकुर देखता और वो खिलखिला उठती......  




रुनझुन को भाई से जुड़े हर काम में बड़ा ही मज़ा आता... देखिये कितने प्यार से मौसी के साथ मिलकर रुनझुन ने भाई का पालना सजाया है.... आखिरकार अब रुनझुन बड़ी जो हो गई है.....

पालना सुन्दर लग रहा है न!


नानी और भाई के साथ ख़ुशी से इठलाती रुनझुन 


भाई को गंगे-गंगे कराती रुनझुन 


भाई और अनिकेत के साथ वाटर-पूल में मस्ती 


नाना की गोद में भाई और रुनझुन की गोद में रुनझुन की गुड़िया
है न मज़ेदार !!!!!






Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...