Saturday, July 16, 2011

मेरे प्यारे धीरज मामा

रुनझुन धीरज मामा के साथ  
रुनझुन का ब्लॉग हो और धीरज मामा की उसपर चर्चा न हो ये कैसे हो सकता है! क्योंकि रुनझुन की बातें रुनझुन के धीरज मामा के बिना तो बिलकुल अधूरी सी हैं... "धीरज मामा"... जो रुनझुन के मामा ही नहीं बहुत अच्छे दोस्त भी हैं... जब रुनझुन बोल भी नहीं पाती थी... तब से वो मामा के साथ अपनी बातें और फीलिंग्स शेयर करती आ रही है... धीरज मामा रुनझुन के एकदम पक्के फ्रेंड हैं सच्ची!!!... जब रुनझुन एकदम नन्ही सी थी... चलना भी नहीं जानती थी... और बस लेटी या सोई रहती थी तब भी धीरज मामा बेटी के पास बैठकर उसके चेहरे पर आने वाले भावों को पढ़ने की कोशिश करते हुए उससे ढेरों बातें करते थे...इतना ही नहीं जब बेटी मुज़फ्फ़रपुर चली गयी तो धीरज मामा सिर्फ़ अपनी रुनझुन बेटी से मिलने के लिए छुकछुक गाड़ी में बैठकर उसके पास आ जाते और उससे ढेरों बातें करते... बेटी कब क्या सोच रही है, कब क्या महसूस कर रही है, कब क्या कहना चाह रही है सब कुछ धीरज मामा बहुत अच्छे से समझते... अपने नाम के अनुरूप ही धीरज मामा बड़े ही धीरज के साथ बिटिया की हर बात सुनते और बदले में बिटिया भी मामा का पूरा मान रखती... नन्ही सी बिटिया को मामा कभी हरिवंश राय बच्चन तो कभी गोपालदास नीरज तो कभी किसी और कवि की रचनाएँ सुनाते... बेटी भाव-विभोर होकर न सिर्फ कविताये सुनती बल्कि उनपर अपनी टिप्पणियाँ भी देतीं... बेटी और धीरज मामा की ये अनूठी दोस्ती अच्छे अच्छों को दाँतों तले उँगली दबाने पर मजबूर कर देती है....
बेटी और मामा के इस अनोखे रिश्ते को आप भी देखिये...
ही-ही-ही मामा ने कित्ती मज़ेदार कविता सुनाई !
  रुनझुन को मामा ने कौन सी कविता सुनाई कि वो खिलखिला पड़ी ये तो आप भी जानना चाहेंगे न! तो लीजिये आप भी सुनिए...अ-अ...मेरा मतलब है पढ़िए...
लाल टमाटर हरे मटर ने मंडी चलने की ठानी |
आलू भी तैयार हो गया साथ चली गोभी रानी ||

कित्ती प्यारी कविता सुनाई ना!...मेरे अच्चेssss मामा !!!
जितने ध्यान से रुनझुन मामा की बातें सुनती उतने ही धैर्य के साथ मामा भी रुनझुन की बातें सुनते...
श्श्श्श.....बेटी की बातें बहुत ध्यान से सुननी पड़ती हैं!
ऐसा नहीं कि मामा के पास ही रुनझुन को बताने या दिखाने के लिए कुछ रहता बल्कि रुनझुन के पास भी हमेशा ढेरों बातें, ढेरों चीजें होती मामा से शेयर करने के लिए... जैसे रुनझुन के घर के पास ही रेलवे लाईन थी जिस पर से दिनभर में कई रेलगाड़ियाँ गुज़रतीं और हर बार मामा दौड़ कर रुनझुन को छुकछुक गाड़ी दिखाते...
अरे वाह! देखो कित्तीssss लम्बी ट्रेन!!!
 और रात में वहीं से रुनझुन धीरज मामा को उँगली से एक बड़ाsss सा गोल घेरा बनाते हुए "गोल-गोल-गोल चन्दा मामा" दिखाती...
वोssss देखिये गोssल....गोssल.....गोssssल चंदा मामा!!! 
 और मामा के साथ लुका-छिपी खेलने में तो रुनझुन का जवाब ही नहीं...पहचानिए तो परदे के पीछे कौन है....
अरे नहीं पहचाना क्या?
ये मैं हूँ रुनझुन!!!
घर में तो मस्ती होती ही रहती है पर मामा के साथ बाहर भी तो घूमने जाना है... अभी मामा को वैशाली भी तो दिखाना है न! तो फिर चलिए...
इधर नहीं उधर!!!
धीरज मामा, राजन मामा और प्रतिमा मौसी के साथ शांति -स्तूप के पास 
ओफ्फोह! कितनी तेज़ धूप है!!!...कोई बात नहीं मौसी की चुन्नी है ना!
मेरा फेवरेट लम्म्म्बा वाला अशोक स्तम्भ भी तो मामा को दिखाना था न!
रुनझुन और धीरज मामा की इस अनोखी दोस्ती की लम्बी दास्तान हम यूँ ही समय-समय पर आपको बताते रहेंगे लेकिन फ़िलहाल तो इतना ही....      

Wednesday, July 13, 2011

भगवान जी का गिफ्ट

रुनझुन को अन्नप्राशन के दिन बहुत सारे प्यारे-प्यारे गिफ्ट मिले थे... और पता है सबसे अनोखा गिफ्ट जो रुनझुन को भी बहुत ही पसंद आया वो क्या था ?... वो था भगवान जी का गिफ्ट... जी हाँ उन्होंने अन्नप्राशन के दिन ही रुनझुन को एक नन्हा सा मोतियों जैसा सुन्दर दाँत गिफ्ट किया था... पार्टी से ठीक पहले ही मम्मी को इस बारे में पता चला... उस समय तो वो इतना नन्हा सा था कि ठीक से दिखाई भी नहीं दे रहा था... लगता है भगवान जी को भी पता चल गया था कि रुनझुन को तरह-तरह का स्वादिष्ट खाना खाने की बहुत जल्दी है... और भगवान जी तो बच्चों की बात बहुत जल्दी सुन लेतें हैं... तो उन्होंने रुनझुन की ये ख्वाहिश भी जल्दी से पूरी कर दी!... 
मेरा मोती जैसा सुन्दर नन्हा दाँत दिखाई दिया आपको?
  वैसे तो सारे ही गिफ्ट्स बहुत सुन्दर और प्यारे-प्यारे थे लेकिन उनमें एक कार्ड और कविता थी वो रुनझुन को बहुत पसंद आई, ये कार्ड रुनझुन की कोमल मौसी (जो उस समय मात्र 12 साल की थी ) ने रुनझुन के लिए बनाया था जिसपर एक प्यारी सी कविता भी लिखी थी... आप भी देखिये आप को भी ज़रूर अच्छी लगेगी...


है न ये कार्ड और कविता दोनों ही सुन्दर... तो फिर नन्ही सी रुनझुन को तो ये अच्छा लगना ही था... इतने सारे गिफ्ट्स और इतने सारे प्यार के लिए रुनझुन ने सबको बहुत-बहुत सारा थैंक्यू कहा... लेकिन ये सब देखते-देखते बहुत रात हो गई और रुनझुन को नींद आने लगी... 
दादू नींद आ रही है अब मुझे सोना है!


दूसरे दिन सुबह... रुनझुन दादी के साथ जगन्नाथ मंदिर गई भगवान जी को थैंक्यू कहने...


भगवान जी मैं आ रही हूँ आपको थैंक्यू कहने..
वहां से लौटकर दादी-दादू ने उसे खिचड़ी और रसगुल्ला खिलाया...वाह! नया-नया नमकीन स्वाद तो बिटिया को बहुत ही भाया... एकदम अलग... मीठे-मीठे दूध से एकदम अलग-अनोखा-नमकीन स्वाद!... आहा!!! 
  
आहा! यम्मी-यम्मी !!!

मुंडन और अन्नप्राशन


धीरे-धीरे रुनझुन पूरे छ: महीने की हो गयी... अब तक तो वो बस दूध ही पीती थी लेकिन अब समय आ गया था जब बड़ों जैसा तरह-तरह का स्वादिष्ट खाना वो भी खा सके... और इसीलिए बेटी का अन्नप्राशन संस्कार करने का निश्चय किया गया... शुभ दिन, शुभ मुहूर्त देखकर दादू ने तिथि निश्चित की... प्रतिमा मौसी ने खुद अपने हाथों से निमंत्रण पत्र बनाया जिसमें बिटिया की फोटो भी थी... और निमंत्रण... वो तो खुद बिटिया की ही ओर से था...  आप सब तो उस समय बेटी की खुशियों में शामिल नहीं हो पाए थे इसलिए चलिए आज हम वो सारी बातें आप से शेयर करते हैं ताकि आप भी जुड़ सकें बेटी की खुशियों से...
ये है वो निमंत्रण पत्र... सुन्दर है न!
और ये रहा निमंत्रण... इसे पूरा पढ़ियेगा ज़रूर!  
अन्नप्राशन का दिन निश्चित हुआ 17 मई 2002 का... फिर क्या था... एक बार फिर बेटी की छुकछुक गाड़ी चल पड़ी रांची.. दादा-दादी के पास जहाँ उसे बहुत मज़ा आने वाला था... और छुकछुक गाड़ी का सफ़र तो रुनझुन को पसंद है ही... 
                 
                      
इस बार जब रुनझुन रांची पहुंची तो उसे वहां पहले से भी ज़्यादा लोग मिले इसलिए उसे वहां और भी अच्छा लगा...
ताई जी और मम्मी के साथ खिलखिलाती रुनझुन 
वहां जाकर रुनझुन को पता चला कि उसका मुंडन संस्कार भी होने वाला है... यानि उसके सिर पर रेशम जैसे नर्म, मुलायम और चमकीले नन्हे-नन्हे जो बाल हैं वो अब नहीं रहेंगे... बिटिया परेशान!... अब क्या होगा... वो तो टकलू हो जाएगी... लेकिन फिर मम्मी ने बताया कि एक बार मुंडन हो जाने के बाद उसके और भी सुन्दर बाल आ जायेंगे फिर क्या था बिटिया खुश...
  17 मई को सुबह-सुबह ताई जी ने सबसे पहले तुलसी माँ को प्रणाम करवाया...
अरे ! ज़रा संभलकर ! फूलों से भी नाज़ुक है लाडो 
और फिर मुंडन शुरू हुआ... बिटिया बिना डरे बिलकुल तैयार बैठी थी... बहुत ही आराम और प्यार के साथ बेटी ने अंकल को अपने बाल निकालने दिए... ज़रा भी नहीं रोई क्योंकि उसे तो पता था कि अब उसके और भी सुन्दर-सुन्दर और लम्बे बाल आ जायेंगे तो रोना क्यों ? देखिये बेटी ने कैसे ख़ुशी-खुशी अपना मुंडन करवाया...  
 
अरे देखो मैं तो बिलकुल टकलू हो गयी ही-ही-ही
उसके बाद पूरे शरीर पर हल्दी लगाकर बिटिया को नहलाया गया...
नहीं हल्दी लगाना मुझे अच्छा नहीं लग रहा!
और फिर नहा-धोकर बिटिया रानी तैयार...



        
अब तो बस बेटी को जोर से भूख लग रही थी और उसे पता था आज उसे कोई नई चीज़ खाने को मिलने वाली है इसलिए भूख और भी ज़ोरों से लग गई थी... बस फिर क्या था प्रशांत मामा ने लाडो को गोद में लेकर सबसे पहले टेस्टी-टेस्टी खीर खिलाई, फिर पानी भी पिलाया... ये देखिये...
   
 उसके बाद एक और मज़ेदार रस्म हुई... सारी दीदियों को रुनझुन का पैर दबाना था... ऐसा क्यों हुआ ये तो रुनझुन को नहीं पता लेकिन जब दीदी पैर दबा रही थी तब उसे बहुत शर्म आयी...दीदी लोगों को भी नन्हीं सी गुड़िया के नाज़ुक कोमल-कोमल पैरों को दबाते हुए बहुत हंसी आ रही थी...
अरे-अरे!.. दीदी!! ये क्या कर रही हैं!!!
और इस तरह रुनझुन के खीर खा लेने के साथ ही दिन कि सारी रस्में ख़त्म हो गईं... अब बारी थी रात की पार्टी की और उसके लिए सबको तैयार भी होना था... सबसे पहले बेटी तैयार हो गई क्योंकि उसे सारे मेहमानों को अटेंड भी तो करना था न...और तैयार होने के बाद सबसे पहले तो बेटी ने घर के ही सारे लोगों को अटेंड किया उनकी गोद में जा-जाकर... देखिये तो ज़रा...
दादी के साथ रुनझुन 
रानी दीदी छोटी बहना के साथ 
मम्मी की नन्ही परी
और फिर क्या... धीरे-धीरे घर मेहमानों से भर गया और बेटी बहुत-बहुत बिज़ी हो गयी... आप तो जानते ही हैं गेस्ट के आ जाने पर होस्ट को तो फुर्सत ही नहीं मिलती...और हमारी नन्ही सी गुड़िया तो मेन होस्ट थी न!... तो फिर उसकी व्यस्तता तो आप समझ ही सकते हैं...         

Friday, July 8, 2011

नानी और बेटी...




अप्रैल 2002.... रुनझुन अब पूरे पाँच महीने की हो चुकी थी... अब तक वो बनारस में थी नानी के घर... लेकिन अब उसे नानी को छोड़ पापा के पास मुज़फ्फरपुर जाना था.... अब रुनझुन क्या करे?... एक तरफ पापा के पास जाने की ख़ुशी तो दूसरी तरफ नाना-नानी, मामा-मौसी सबसे दूर जाने का दुःख... रुनझुन समझ नहीं पा रही थी  क्या करे... इसलिए वो बहुत ही उदास थी... और अपनी लाडो के दूर जाने की कल्पना से नानी भी बहुत दुखी थीं... तो फिर हम सबने इसका एक समाधान निकाला और नानी ने भी साथ जाने का निश्चय कर लिया... फिर क्या था नानी भी खुश नतिनी भी खुश... चल पड़ी रुनझुन अपने जीवन की दूसरी रेलयात्रा पर नानी और मम्मी के साथ...

मेरी नानी सबसे प्यारी 
एक्सरसाइज़ तो नियम से रोज़ाना होनी चाहिए ना... तो फिर क्या फ़र्क पड़ता है कि वो घर हो या ट्रेन... देखिये रुनझुन ने ट्रेन में भी अपना योगाभ्यास जारी रखा....

ना-ना- हंसिये नहीं... आप भी रोज़ एक्सरसाइज़ कीजिये! 

पहले से रुनझुन अब थोड़ा ज़्यादा समझदार हो गई थी, इसलिए ट्रेन की खिड़की से बाहर तेज़ी से भागती चीजों को देखने में उसे बहुत मज़ा आया... शाम तक रुनझुन पापा के पास मुज़फ्फरपुर पहुँच गई... वहाँ  पापा प्लेटफ़ॉर्म पर खड़े बेसब्री से बेटी का इंतज़ार करते मिले... और रुनझुन पापा के साथ घर की ओर चल दी... नए घर में पूरी तरह एडजस्ट हो जाने के बाद हमने रुनझुन और नानी के डे-आउट का प्रोग्राम बनाया... सुबह-सुबह नानी ने लाडो को नहलाया,  तैयार किया और रुनझुन खुश होकर घूमने चल दी... आप भी देखिये.. घूमने जाने के नाम पर बेटी की ख़ुशी का तो कोई ठिकाना ही नहीं था....

नानी! गंगे-गंगे हो गया अब जल्दी से कपड़े पहनाइए.. उधर चलिए..

ओहो! नानी प्लीज़ ! देर मत कीजिये ना..

अरे! क्या मैं ऐसे जाउंगी ?

अरे नहीं! वो देखिये मम्मी कपड़े लेकर आ रही है...

चलिए पापा अब मैं बिलकुल तैयार हूँ ...

गाड़ी में तो मुझे नानी के पास ही बैठना है.. नानी मुझे खिड़की से बाहर भी तो दिखाएंगी न...

और फाइनली रुनझुन जा पहुँची ऐतिहासिक स्थल वैशाली...  जहां रुनझुन ने खूब सारी नई-नई चीज़ें देखी... और खूब इंजॉय किया... वैसे भी रुनझुन घूमने की बहुत शौकीन है... धूमने में वो खाना-पीना सब भूल जाती है... तो आइये आपको भी  दिखाते हैं रुनझुन ने क्या-क्या देखा... सबसे पहले वो पहुँची विश्व शांति स्तूप देखने...  

ये देखिये हम पहुँच गए विश्व शान्ति स्तूप के पास...

ये रहा विश्व शांति स्तूप... बहुत सुन्दर है ना...

थोड़ा और पास से देखिये ...कित्ता सुन्दर ... एकदम दूध जैसा सफ़ेद है न...

और ये देखिये शेर... बड़ाsssss सा... लेकिन मैं तो बिलकुल  नहीं डरी

और ये हम आ गए स्तूप के ऊपर... वाह ! यहाँ कितनी तेज़ हवा चल रही है...

ये है बड़ेsssss से  भगवान बुद्ध.. बिलकुल सोने जैसे रंग के..

बाप रे! बुद्ध भगवान कित्ते बड़े फूल के अन्दर बैठे है न...

अरे! भगवान जी तो सो गए!!! कोई बात नहीं अब हम कुछ और देखेंगे...

 हम आ गए अशोक स्तम्भ देखने..

ये देखिये पुराने खँडहर और वो लम्म्म्म्म्बा सा पिलर  अशोक स्तम्भ है...

मैं ज़रा इन पर बैठ कर देखूँ !! नहीं बाबा डांट पड़ेगी चलो यहाँ से... 

और इसके बाद हमने लिच्छवियों का रेलिक स्तूप भी देखा..

वाह-वाह! यहाँ बैठ कर तो बहुत मज़ा आ रहा है... लेकिन ये क्या???? गाड़ी तो चल ही नहीं रही है.... 

जी हाँ! इतना-सब घूमते-घूमते रात होने लगी, हम घर लौटने की तैयारी करने लगे लेकिन बेटी गाड़ी में बैठने को तैयार ही नहीं... हम सब परेशान... क्या करें... आखिरकार उन्हें कुछ देर गाड़ी के बोनट पर बैठा दिया गया, अचानक बिटिया रानी को न जाने क्या सूझी और वो  एकदम से गाड़ी में बैठने को तैयार हो गई... और फिर हमने वापसी का सफ़र शुरू किया....
  

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...