Friday, April 13, 2012

"बाग-ए-बहू"... मुग़ल गार्डेन

    
     तो फ्रेंड्स कैसी लगी मेरी वैष्णों देवी की यात्रा ?.... लेकिन एक मिनट रुकिए... मेरी पहाड़ी यात्रा अभी खत्म नहीं हुई है... हम लोग बहुत ज़्यादा जगह तो नहीं गए थे लेकिन वापस जम्मू आकर एक पूरा दिन हमने जम्मू में बिताया... तो वहाँ मैंने क्या-क्या देखा ये आप जानना नहीं चाहेंगे ?.... हम्म्म्म मैं जानती हूँ... आप ज़रूर जानना चाहेंगे... तो फ़िर देर किस बात की ?.... चलिए चलते हैं... आगे बढ़ते हैं.... 

     एक रात विश्राम के बाद हमारी बस फ़िर चल पड़ी... खाते-पीते, गेम खेलते, हम चले जा रहे थे कि अचानक हमारी बस एक जगह रुक गई.... हम सब उतर कर इधर-उधर देख ही रहे थे कि एक गेट दिखाई दिया जिसपर लिखा था... "बाग-ए-बहू".... बस फिर क्या था हम उस गेट के अंदर चल दिए.....

अभी फ़ोटो खिंचवाने का टाइम नहीं है...पहले बाग में घूम लें....जल्दी- जल्दी

अंदर का नज़ारा तो हम बस देखते ही रह गए... खूब सारे रंगबिरंगे फ़ूलों से भरा हरा-भरा बहुत ही सुन्दर बाग था ये....इतना-इतना-इतनाsss.... सुन्दर कि मैं क्या बताऊँ... बस अब आप खुद ही देख लीजिए... 


ये तो बस बाग का एक छोटा सा  हिस्सा है....
पूरे बाग की फ़ोटो को कैमरे में कैद नहीं कर सकते थे ना....:(
            

Smile please!!!:)

ये रही बाग के पहाड़ की चढ़ाई 
(मेरा मतलब मेरे पीछे देखिये पहाड़ी बाग की सीढियां)

मिट्टी से बनी कलाकृतियाँ

प्यारे-प्यारे फूलों के साथ मैं 


हा हा हा! ऊपर से तो कश्मीरी कपड़े हैं पर ज़रा नीचे तो नज़र डालिए!!!

भाई इस ड्रेस में कितना Sweet लग रहा है.... है ना !!!

गब्बू मामा और मैं...

बाग-ए-बहू के बाद हम सब "अमर पैलेस म्यूज़ियम" गए...ये है तो एक पैलेस पर अब इसे म्यूज़ियम के नाम से ही जाना जाता है....ये पैलेस तवी नदी के दाहिनी तरफ स्थित है....आइये, ज़रा इस पैलेस में चलते हैं...

कितना आलीशान महल है न ये!!!!
लेकिन नहीं ये महल नहीं बल्कि उसकी प्रतिकृति है 

Golden Throne !!!... पर इसे हम छू भी नहीं पाए बस बाहर से ही देख सके...:(


अरे बाप रे मेरा भाई कितना बहादुर है.....Brave boy!

वहाँ एक फ़ोटो गैलरी भी थी जिसमें दशावतार की बहुत सारी Modern Paintings लगी थी उन्हीं में ये भी थी....

मत्स्य अवतार !!!

कुण्डलिनी जागरण... अरे!!!! ज़रा मेरे प्रशांत मामा की आँखों को तो देखिये...:)

अमर पैलेस के  Garden में सैर.... 

पैलेस से तवी नदी का एक मनोरम दृश्य !!!

वहाँ एक और जगह भी हम गए थे जो अभी पूरी तरह से बना नहीं था लेकिन फिर भी जितना बना वो भी बहुत सुन्दर लग रहा था... मुझे ठीक से तो याद नहीं लेकिन ये शायद अखंड ज्योति संसथान द्वारा बनवाया जा रहा स्थान है... यहाँ सभी भगवान जी के ढेर सारे मंदिर और विशालकाय मूर्तियां थी और इस स्थान का नाम रखा गया है... "हरिद्वार".... अरे नहीं नहीं चौकिये नहीं... ये उत्तराँचल वाला हरिद्वार नहीं जम्मू में बन रहा नया नया हरिद्वार है... ये देखिये वहाँ की मूर्तियां....

ये देखिये मंदिर की छत पर बने बड़ेssss से गणपति !!!

और ये विशालकाय बजरंगबली... बाप रे !!!... कितने बड़े!!!!! 

ये हमारी यात्रा का अंतिम पड़ाव था.... इसके बाद हम लौट चले वापसी की यात्रा पर... और एक बार फिर से आ गए जम्मू स्टेशन...


टा-टा जम्मू शहर.... बहुत मज़ा आया यहाँ....
मैं फिर आऊँगी.....सायोनारा...!!!!!!! 

चलिए अब आप सब भी वापस आ जाइये जम्मू की चिलचिलाती ठंड से निकलकर, अप्रैल की गर्मी में.... स्लीपिंग बैग्स, स्वेटर वगैरह पैक करके रख दीजिए... ठंडी-ठंडी लस्सी या शरबत पीकर अपनी गर्मी दूर भगाइए तब तक मैं भी आती हूँ.... बस थोड़ा सा आराम करके....

बाय-बाय....!!!!.... सायोनारा !!!!





Monday, April 9, 2012

जय माता दी



ये पूरा संस्मरण मैंने अपनी डायरी में लिख रखा है
और उसमें ये ड्राइंग भी मैंने बनाई है.....


नंदन पहाड़ घूमने के बाद तो मुझे बस वही याद आता था.... और मैं मम्मी-पापा से वापस नंदन पहाड़ जाने की ज़िद करती रहती थी... भगवान ने मेरी सुन ली, और जल्दी ही मैं एक बार फिर पहाड़ों का मज़ा ले पाई थी... आपको पता है कैसे?...... नहीं?.... अच्छा ठीक है.... चलिए मैं आपको अपनी इस यात्रा के लिए ले चलती हूँ... और हाँ! यात्रा के दौरान बहुत ठंड लगेगी आखिर हम हिल स्टेशन जाने वाले हैं ना.... इसलिए खूब सारे गर्म कपड़े अपने साथ ज़रूर रख लीजियेगा...

नवंबर 2007 में जब मैं अपने मामा की शादी के लिए कानपुर गयी, तब शादी के बाद सबने मेरी नई मामी के साथ वैष्णों देवी जाने की योजना बनाई... और ये सुनकर कि मैं दोबारा पहाड़ देख सकूंगी, मैं बहुत खुश हो गई... जल्दी-जल्दी हम सबने गर्म कपड़े, स्लीपिंग बैग, खाने का सामान वगैरह रख कर तयारी की और यात्रा पर निकल पड़े... जब सारे लोग स्टेशन पर सामान वगैरह रख कर एक साथ खड़े हुए तो मैं तो हैरान रह गई....बाप रे!!!!!!.... इतने सारे लोग!!!!!...... पता है ट्रेन की लगभग आधी बोगी तो हमारी ही थी...:) और होती भी कैसे ना?... इतने सारे लोग जो गए थे.... हब सब छोटे-बड़े कुल मिलाकर पूरे सत्ताईस लोग थे... हमने ट्रेन में भी बहुत मस्ती की थी.... पता है, जब कभी अन्त्याक्षरी खेलते तब वो पूरी बोगी कोई स्टूडियो जैसी लगने लगती, और जब हम हाईड & सीक खेलते तो समझ में ही नहीं आता कि कौन कहाँ और किसके पास छुप गया है?... और जब रात हो गई तब हम सब अपने-अपने स्लीपिंग बैग्स में घुस कर आराम से सो गए..... 

सुबह-सुबह हम सब जम्मू स्टेशन पहुँच गए....

ये रहा हमारा काफ़िला, ये भी पूरे नहीं हैं दो-चार कम ही हैं...)
 और फिर वहाँ से बस में निकल पड़े माँ के दर्शन के पहले पड़ाव यानि "कटरा" के लिए... बीच में हम एक जगह कहीं रुके मुझे लगा हम पहुँच गए... लेकिन नहीं ये तो बस एक छोटा सा पड़ाव था... अभी तो सफ़र बहुत लंबा था.... 

जम्मू से कटरा के रस्ते में एक छोटा सा पड़ाव... मेरे साथ 
स्वाति और संगीता मौसी, पूनम दीदी, आयुष मामा, 
पंकज मामा, शालिनी(नई) मामी और मम्मी  

कटरा पहुंच कर सबसे पहले हम त्रिकुटा भवन पहुंचे और वहाँ पर फ़्रेश होकर वॉक के लिए बाहर आ गए... 

वो देखिये हमारे पीछे है "त्रिकुटा भवन"


त्रिकुटा भवन से कटरा के एक चौराहे का दृश्य 

वहाँ एक स्टूडियो में हमने कश्मीरी ड्रेस में फ़ोटो भी खिचवाये... आइये आपको भी दिखाऊँ...




ये है काश्मीरी "रुनझुन" 


और ये है रुनझुन का काश्मीरी भाई "शाश्वत"


कुछ  देर बाद हम त्रिकुटा भवन में वापस लौट आए... रात का खाना खाने के बात एक बार हम फिर तैयार थे आगे की यात्रा के लिए...



हम सब तैयार हैं !!!


थोड़ी ही देर में एक बस आई और हम सब उसमे सवार हो गए|... मम्मी ने बताया कि ये बस हमें उस जगह ले जाएगी जहाँ से हमें चलना शुरू करना है... मतलब Starting point... बस से उतरते ही मम्मी ने मुझे बताया- '' बेटा,वो जो दूऊऊऊऊऊऊर बहुत ऊंचाई पर रौशनी दिखाई दे रही है ना, वहीं हमें जाना है''...  बाप रे! हमें इतना चलना होगा? मैं तो सिर्फ़ अभी छोटी सी बच्ची हूँ, इतना कैसे चल पाऊँगी?... पर जिन लोगों को घूमने की सुध लगी रहेगी उन्हें तो कुछ भी चलेगा...है ना?... 


और अब शुरू हुई हमारी असली यात्रा.... पैदल-पैदल... पांवों में जूते और हाथों में सहारे के लिए लाठियाँ लेकर, मन में माँ के दर्शन की आस लिए "जय माता दी" के जयकारे के साथ हम बढ़ चले अपनी रोमांचक यात्रा पर....  रास्ते में जब-जब हम थक जाते तो कहीं रूककर थोड़ा आराम करते तब मम्मी मेरे थके पैरों को दबाकर मेरा हौसला बढ़ाती... पता है उस पूरे बड़े से ग्रुप में पैदल जाने वाली मैं सबसे छोटी यात्री थी (just 6 years old)... मुझसे छोटे सारे बच्चे या तो पिट्ठू पर थे या फिर baby bag में...


सचमुच बहुत थक गयी थी मैं....:(

ऊपर चढ़ते समय नीचे शहर का खूबसूरत नज़ारा 
अगली सुबह हम अर्ध-कुमारी पहुँच गए... जयकारे तेज़ हो गए और लंबी लाइन में लगकर खिसकते हुए हम गुफा के द्वार पर पहुंचे... इतना पतला..छोटा..संकरा रास्ता... मैं तो देखकर ही घबरा गई... इसमें मैं कैसे घुस सकती हूँ... लेकिन फिर मैंने देखा सभी बड़े लोग लेटकर उसमें घुस रहे हैं... मम्मी ने मेरा हाथ पकड़ा और मुझे लिटाकर आगे की ओर खिसका दिया.. आगे पापा थे पीछे मम्मी और बीच में मैं... मुझे सचमुच नहीं पता मैं रेंगकर कैसे वहाँ से बाहर निकली... लेकिन हाँ, बाहर आने बाद बहुत मज़ा आया... मुझे लगा मैं एक बार फिर से उस गुफा में जाऊं.... लेकिन इसके लिए फिर से लंबी लाइन लगानी पड़ती... इसलिए मुझे अपना इरादा बदलना पड़ा और हम आगे की यात्रा पर निकल पड़े... अब सुबह हो चुकी थी और ऊंचे-ऊंचे पहाड़ों के दृश्य बहुत ही सुन्दर लग रहे थे... हम मस्ती में नाचते, झूमते-गाते... जयकारा लगाते आगे बढ़ने लगे... 
वो देखिये पापा के पीछे मैं भी हूँ....
अँधेरा होने के पहले हम भवन पहुँच गए... उफ़! हम सब थक कर बुरी तरह चूर हो चुके थे और ऊपर से कड़ाके की ठंड... बहुत बुरा हाल था हम सबका ... खाना खाकर जब हम होटल में सोने गए तो फिर कुछ होश नहीं था... सुबह जब मम्मी ने जगाया तो मुझे तो पहले कुछ समझ में ही नहीं आया कि मैं कहाँ हूँ... खैर थोड़ी देर बाद हम सब नहा-धो के फिर से तैयार हो गए ...
बस अब थोड़ी ही देर में ये कारवा माता के दरबार में पहुँचने वाला है
मैं भी तैयार हूँ !!!
बिलकुल चुस्त-दुरुस्त !!!


और हमारा कारवां चल पड़ा पवित्र गुफा के दर्शन के लिए... 


माँ का दरबार 
जयकारा शेरावाली का... बोल सांचे दरबार की जय!!!
मुझे तो माता जी का जयकारा लगाने में बहुत मज़ा आ रहा था... मुझे लगा यहाँ भी गुफा में रेंगकर जाना होगा... लेकिन नहीं यहाँ तो गुफा के दो द्वार बने थे एक अंदर जाने के लिए और एक बाहर आने के लिए... हम सब अंदर गए माता की पिंडियों का दर्शन किया और बाहर निकल गए.... वहाँ गुफा में थोड़ा-थोड़ा पानी भी था... बाहर आकर मुझे बहुत अच्छा लगा... आखिर इतनी दूर से इतना पैदल चल कर हम जिस लिए आए थे वो पूरा हो गया..... मुझे लगा अब बस अब हम लोग वापस नीचे चलेंगे.... पर तभी पता चला कि नहीं अभी हमें और चढाई करनी है क्योंकि हम सब अब भैरों नाथ जायेंगे... मुझे तो लगा अब मैं और नहीं चढ़ पाऊँगी लेकिन जब सब लोग ढोल मजीरे के साथ नाचते-गाते आगे बढ़े तो पता नहीं मैं भी कैसे सबके साथ चलने लगी... और कुछ देर की यात्रा के बाद हम भैरों नाथ पहुँच गए... 


भैरों मंदिर 
मम्मी, नानी, रचित और मैं  
भैरो मंदिर में 
मैं, मम्मी, पापा और भाई 
हम हैं तैयार!!!... अभी बहुत दूर जाना है....
मैं... पापा, प्रशांत मामा, राजन मामा, सोनू मामा, रचित और भाई के साथ 
बाप रे!.... वहाँ इतने सारे लंगूर और बन्दर थे कि पूछिए मत... लेकिन वो सब बहुत ही अच्छे थे वे किसी को काट नहीं रहे थे बल्कि कुछ बड़े लोग तो उन्हें अपने हाथों से मूंगफली खिला रहे थे... लेकिन बाबा मुझे तो डर लग रहा था मैं तो उनके पास भी नहीं गयी... और फिर वहाँ दर्शन करने के बाद हमने नीचे उतरना शुरू किया... रास्ते में हम हाथी-मत्था और सांझी-छत पे भी रुके वहाँ से हमने हेली पैड भी देखा.     








वो देखिये हमारे पीछे सांझी-छत का हेलीपैड दिख रहा है न!!!




मैं हिमालय की गोद में !!!


इस यात्रा की कुछ और इंटरेस्टिंग यादे आप से शेयर करूँगी... पर आज नहीं कल... आज तो मैं बहुत थक गयी हूँ और इतना पढ़ते-पढ़ते आप भी थक चुके होंगे.... तो फिर मिलते हैं... रेस्ट के बाद.... आई मीन ब्रेक के बाद.....:))
  




      

Saturday, April 7, 2012

यात्रा नंदन पहाड़ की...

     
       
        कल आपको मैं "बैद्यनाथ धाम" के बारे में बता रही थी न !.... लेकिन वो तो थी उस दिन की first half की बातें... खाना खाने और कुछ देर आराम करने के बाद हम लोग "नंदन पहाड़" घूमने गए.... वहाँ मैंने खूब इन्जॉय किया... और एक बात बताऊँ... बहुत दिनों तक मुझे पहाड़ के नाम पर वही एक पहाड़ याद आता था... अब सोचती हूँ वो तो कितना छोटा सा पहाड़ था... लेकिन पहाड़ तो आखिर पहाड़ ही होता है ना... :)

      वहाँ उस छोटे से नंदन पहाड़ पर खूब ढेर सारे झूले थे... इतने सुन्दर-सुन्दर कि मन करता है कि सारे झूलों को अपने घर ले आऊँ और दिन भर इनके साथ खेलूँ.... काश! ऐसा हो पाता.....

      पता है खूब सारी सीढ़ियाँ चढ़ कर जब हम पार्क के गेट के अंदर पहुंचे तो इन्ट्रेन्स पर ही हमें एक बहुत बड़ी सी दैत्याकार मूर्ति मिली... मैं तो उसे देखते ही डर गयी मुझे लगा यही लंका का राजा रावण है, लेकिन मम्मी ने बताया कि ये नंदी की मूर्ति है और ये यहाँ पर सबके स्वागत के लिए बनायीं गयी है फिर मम्मी मुझे उसके पास ले गईं... मैंने उसे छूकर देखा तब मेरा डर गायब हो गया... 


बाप रे!!! कितनी विशाल मूर्ति है ना !!!!!

फिर हम आगे बढ़े, जैसे-जैसे मैं आगे बढ़ती, नई-नई चीज़े देखकर कभी हैरान होती... कभी खुश होती तो कभी डर जाती.... और क्यों न हो वहाँ थी ही ऐसी-ऐसी चीज़े.... रंग-बिरंगे फ़ूलों से भरा हुआ पूरा पार्क किसी खिलौने के जैसा सुन्दर लग रहा था... मुझे तो ऐसा लग रहा था जैसे मैं किसी Fairy Land में आ गई हूँ.... मैं तो झट से चढ़कर उन झूलों पे बैठ गई....


सच बताऊँ, इस झूले पर मुझे थोड़ा-थोड़ा डर भी लग रहा था...!

लेकिन इस पर मैं ज़रा भी नहीं डरी...:)

तभी मम्मी ने हमें एक और मज़ेदार चीज़ दिखाई..... 

वो देखो.... दूsssर खड़े राक्षस को.... कितनाsss बड़ा है... 

अरे!!! ये क्या..... ये तो पक्का रावण ही होगा..... लेकिन नहीं, थोड़ा पास जाकर देखा तो पता चला... कि ये तो एक बहुत ही मज़ेदार स्लाइडर है... इसके कान में से घुसो और मुँह में से सरक के बाहर आ जाओ... हा-हा-हा मज़ेदार!!!!!

मैं दिख रही हूँ ना!... मुँह के अंदर...ही-ही-ही....

 ये एक और स्लाइडर... ड्रैगन जैसा..... बाप रे!!!!

यहाँ भी मुझे ड्रैगन के मुँह में से ही निकलना पड़ा...:)

     इतना घूमते-घूमते अचानक वहाँ बहुत ज़ोर से हवा चलने लगी और मुझे ठंड लगने लगी... लेकिन हम कुछ भी गरम कपड़े तो लेकर गए नहीं थे, तब मम्मी ने एक तरकीब निकाली और मुझे अपनी चुन्नी से ढक दिया.... बस फिर क्या था ठंड गायब.... 
    और तभी अचानक मुझे मिस्टर राइनो दिखाई दिए......देखिये कैमरा देखते ही अच्छा-सा पोज़ बना लिया.....राइनो जी! स्टाइल में रहने का!!!!

वैसे सच बताऊँ...ये तो एक डस्टबिन है ...:) 

   
     अरे ये कौन हैं?..... बताइये बताइये...... .भई जो भी हो, पर भाई तो इनको देखकर डर गया.... देखिये उनके पास आने को ही तैयार नहीं.....

मैं तो अभी-भी सोच रही हूँ कि आखिर ये हैं कौन ???
आपको कुछ समझ में आया क्या..???


    अरे बाप रे!! मेरा हाथ हिप्पोपोटेमस (Hippopotamus) के अंदर!!....... जल्दी करिये वर्ना हिप्पो तो मेरे हाथ को खा जायेगा....

बन गए न बुद्धू!!! अरे, मैं तो इसमें कचरा डाल रही हूँ...


    और ये देखिये, ये हैं बंदरिया और उसका बच्चा... पहले तो मेरा मन किया कि मैं बंदरिया के पास बैठ जाऊं..... पर पापा ने समझाया कि ये ''बन्दर फ़ैमिली'' सिर्फ देखने के लिए ही है, इसे हम छू नहीं सकते...

भाई भी उनके जैसा ही लग रहा है ना !!!...ही-ही...

वहाँ ढेर सारे प्यारे-प्यारे, सुन्दर-सुन्दर फूल थे फौव्वारा भी था, लेकिन अफ़सोस हम बस इतनी ही देर घूम पाए क्योंकि वहाँ हल्की- हल्की बारिश शुरू हो गयी और हमें वापस लौटना पड़ा.... कोई बात नहीं...Better luck next time....:)

ये रहे हम, फूल- पत्तियों और बारिश के बीच....


लौटते समय एक बार फिर नंदी जी हम सब से मिले... और इस बार मैंने उनको थैंक्यू कहा......

अरे रुकिए !... अभी पहाड़ से उतरना बाकी है...

ये देखिये इत्तीsssss ढेर सारी सीढ़ियाँ चढ़ कर हम ऊपर पहुंचे थे और अब इतनी सारी सीढियाँ उतरनी भी पड़ेंगी.....  

कोई बात नहीं मैं तो हूँ ही घुमक्कड़.....
और घुमक्कड़ लोग तो थकते नहीं.. है ना!! 

सचमुच, खूब मज़ा आया नंदन पहाड़ की यात्रा करके.... मन कर रहा था कि यहीं पर रह जाऊं.... पर ये तो हो नहीं सकता था क्योंकि हमें वापस घर जाना था... रात में हमारी ट्रेन भी थी... तो येsss हम वापस चले... बाय- बाय नंदन पहाड़!!!!

तो थी ना ये एक मज़ेदार ट्रिप....नंदन पहाड़ की?



Friday, April 6, 2012

पहला ज्योतिर्लिंग दर्शन....



     आज टी.वी. पर मैं एक कार्यक्रम देख रही थी- "देवों के देव महादेव" तो अचानक मुझे शंकर भगवान से जुड़ी एक कहानी याद आ गई... मैंने सोचा आप सब से ज़रूर शेयर करूँगी... पता है कौन सी कहानी....बताती हूँ....

     ये एक पौराणिक कहानी है... एक बार राक्षसराज रावण ने शिव जी की घोर तपस्या की... उसकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शंकर प्रकट हो गए और उन्होंने रावण से एक वरदान मांगने को कहा... रावण ने उनके शिवलिंग को ले जाकर लंका में स्थापित करने की अनुमति मांगी... शिवजी ने अनुमति तो दे दी लेकिन साथ ही उसे ये चेतावनी भी दी कि अगर ये शिवलिंग मार्ग में कहीं भी भूमि पर रख दिया गया तो फ़िर ये वहीं पर स्थापित हो जायेगा... रावण शिवलिंग लेकर चला किन्तु मार्ग में उसे लघुशंका के लिए जाने की ज़रूरत महसूस हुई... वो बहुत परेशान हो गया कि क्या करे तभी उसे एक व्यक्ति दिखाई दिया रावण ने उससे मदद माँगी और शिवलिंग उसे पकड़ा कर चला गया... रावण को आने में देर होने लगी और उस व्यक्ति को शिवलिंग बहुत भारी लग रहा था तो थककर उसने शिवलिंग को ज़मीन पर रख दिया... रावण जब वापस आया तो शिवलिंग को भूमि पर देखकर हैरान रह गया... उसने बहुत कोशिश की लेकिन अपनी पूरी शक्ति लगा देने के बावजूद वह शिवलिंग को भूमि से उखाड़ न सका... अंत में वह निराश हो गया और क्रोधित होकर उसने शिवलिंग पर पैरों से ठोकर मारी और वहाँ से वापस लंका चला गया... बाद में ब्रम्हा, विष्णु आदि देवताओं ने आकर शिवलिंग की पूजा कर उसकी वहीं स्थापना कर दी.... इसी स्थान को आज हम "वैद्यनाथ धाम", "बाबा धाम" या "देवघर" के नाम से जानते हैं और यह शिवलिंग बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है | इसे कामना लिंग भी कहते हैं... ऐसा माना जाता है कि यहाँ माँगी हुई मुराद ज़रूर पूरी होती है...


    आपको पता है ये कहानी मुझे कैसे पता है?... क्योंकि मैं वहाँ जा चुकी हूँ... 2 मार्च 2006 में भाई के फर्स्ट बर्थडे के ठीक दो दिन पहले हम वहाँ गए थे, भाई के मुंडन संस्कार के लिए... आइये आज आपको भी दिखाती हूँ वहाँ की कुछ तस्वीरें....

सबसे पहले मंदिर के बगल में स्थित शिव गंगा में हमने स्नान किया 

फ़िर हम मंदिर के अंदर भाई का मुंडन कराने पहुंचे
पर देखिये भाई तो पहले से ही टकलू लग रहा है ना! 

भाई के सारे बाल निकाल कर नाई अंकल मुझे दे रहे थे...  

फिर मुझे वो सारे बाल उधर उस टोकरी में डालने थे...

ये देखिये भाई बिलकुल गंजा हो गया और उसके सारे बाल मेरे पास आ गए...

वो सारे बाल मैंने इस टोकरी में डाल दिए
बाप रे!!! कितने सारे बाल हैं इसमें !!! 

उसके बाद हम सब मुख्य मंदिर के अंदर दर्शन करने गए .... एक छोटे और बहुत ही संकरे दरवाजे से हम अंदर घुसे.... उफ़!!!! वहाँ तो बहुत भीड़ थी, साँस लेना भी मुश्किल हो रहा था... कुछ भी समझ में नहीं आ रहा था... सारे लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरे जा रहे थे... मम्मी मेरा हाथ पकड़ के एक जगह बैठी तो मैं भी बैठ गई लेकिन इससे पहले कि मैं कुछ समझ पाती हमें वहाँ से उठा दिया गया और मैं घबरा कर गिरते पड़ते वहाँ से बाहर निकल आई... बाहर निकल कर पता चला, जहाँ मैं बैठी थी, वहीं नीचे छोटा सा शिवलिंग था...  पर मैं तो भीड़ देखकर इतना घबरा गई थी कि मैंने कुछ देखा ही नहीं और दोबारा वहाँ घुसने की मेरी हिम्मत भी नहीं थी... इसलिए वहाँ तक पहुँच कर भी मैं वो ज्योतिर्लिंग नहीं देख पाई...so sad..:(         वहाँ से बाहर निकल कर पापा ने अपने कंधे पर कांवर लिया और हम सबने एकसाथ मंदिर की परिक्रमा की....  


यहाँ खुले में आकर मैंने राहत की सांस ली 

फिर मैंने मंदिर के सामने मम्मी-पापा और भाई के साथ फोटो भी खिचवाई....

मुख्य मंदिर (बैद्यनाथ धाम)

मुख्य मंदिर (बैद्यनाथ धाम)

अब तक बहुत देर हो चुकी थी..... 


मैं थकान और भूख से बेहाल हो चुकी थी 

इसलिए इसके बाद हम सब मंदिर से निकल कर खाना खाने चले गए.... तो ये था मेरी मेमोरी में मेरा पहला ज्योतिर्लिंग दर्शन... जो कि मैं वहाँ तक जाकर भी नहीं देख सकी... लेकिन कोई बात नहीं, मैंने भगवान जी को नहीं देखा, पर भगवान जी ने तो मुझे ज़रूर देख लिया होगा.... है ना!!!!!!
   






Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...