Showing posts with label रुनझुन और होली. Show all posts
Showing posts with label रुनझुन और होली. Show all posts

Wednesday, March 28, 2012

मार्च स्पेशल.....



हैलो फ्रेंड्स !!!
    
अपने स्कूल के बारे में बातें करते-करते एक बहुत ही ज़रूरी बात तो मैं भूल ही गयी... ये मार्च का महीना है और कुछ ही दिनों पहले हमने खुशियों से भरे रंग-बिरंगे त्यौहार को मनाया है... तो फिर इससे पहले कि ये महीना बीत जाये हम इस त्यौहार की भी कुछ बातें कर लेतें हैं...

   शुरुआत करती हूँ तब से जब मैं एक साल की थी... मम्मी बताती हैं कि जब मैं एक साल की थी तब मैं रंगों से और सबके भूत जैसे चेहरों को देखकर बिलकुल भी नहीं डरी थी और खूब होली खेली थी....  

देखिये रंग लगाकर भी मैं कितनी खुश हूँ!


लेकिन उसके बाद वाली होली पर मैं बहुत डर गयी थी और जैसे ही कोई किसी को रंग लगाने जाता मैं रोने लगती... और फिर सब मुझे बहलाने लगते... देखिये यहाँ भी पापा और राजन मामा मुझे हंसाने की कोशिश कर रहे हैं....


पिचकारी तो हाथ में है लेकिन
रंग नहीं खेलना 


कितनी बुद्धू थी ना तब मैं...:) लेकिन जब मैं बड़ी हो गयी और थोड़ी समझदार हो गयी तब तो मैंने खूब इंज्यौय किया... और क्यों न करती अब मैं दीदी जो बन गयी थी... 

अरे! भूत दीदी से भाई तो बिलकुल भी नहीं डरा
ह्म्म्म्म्म् भाई तो और भी निडर निकला !!!


और उसके बाद वाली होली तो और भी मज़ेदार थी क्योंकि इस बार तो पटना में मेरे ढेर सारे फ्रेंड्स भी थे मेरे साथ मस्ती करने के लिए....

मुझे पहचाना!...बताइए इनमें से मैं कौन सी हूँ?


लेकिन सबसे ज़ोरदार होली तो तब हुई थी जब हम बनारस में थे वहाँ तो हमने इतने सारे रंग एक-दूसरे को लगाये थे कि सारे लोग काले भूत बन गए थे....


मैं और अनिकेत  
हमारी मस्ती....




काले-काले भूत!!!!!!!!


पिछले साल होली पर मैं गाँधीधाम आ चुकी थी और यहाँ एक भी दोस्त नहीं था, मैं बहुत दुखी थी लेकिन तभी अचानक होली के एकदम पहले दादू और नेहा दीदी आ गए फिर तो मज़ा आ गया हमने खूब मस्ती की... एक दिन पहले हम सब होलिका दहन देखने गए... मुझे ये देखकर बहुत अच्छा लगा कि यहाँ की होलिका Eco-friendly होती है.....









गोबर के उपलों से तैयार की गयी होलिका के चारो तरफ़ सुन्दर सी रंगोली बनायी जाती है.


और फिर सब लोग इकठ्ठे होकर उसके चारों ओर परिक्रमा करते हुए पूजा करते हैं और होलिका में आग लगाते यानि होलिका-दहन करते हैं.... 


और फिर अगली सुबह तो धमाल ही धमाल... लेकिन हाँ पिछले साल यहाँ थोड़ी ठंड थी और नेहा दीदी को बुखार भी था तो हमने सूखी होली यानि गुलाल के साथ ही ज़्यादा मस्ती की थी... इसलिए इसबार हम सब काले भूत नहीं बल्कि चलते-फिरते इन्द्रधनुष बन गए थे... 


ये देखिये ये हैं हम... होली के रंग में रंगे हुए..:) 

कितना सुन्दर मेकअप है ना....:)

और ये रही इस साल यानि 2012 की होली.... सुबह-सुबह भगवान के चरणों में गुलाल अर्पित करके, बड़ों को प्रणाम करके, रंग, अबीर-गुलाल लेके पूरी तैयारी के साथ हम निकले पड़े....   


हम हैं तैयार... रंग-गुलाल और पिचकारी के साथ!!!  


इस बार कैम्पस में कुछ ही दिन पहले आए मेरे नए दोस्तों के साथ मैंने खूब मस्ती की.... कभी हम रंगीन पानी से तरबतर हो जाते तो कभी रंगबिरंगे अबीर-गुलाल से सबके चहरे इन्द्रधनुष जैसे खिल जाते... हमारा पूरा कैम्पस रंगबिरंगा हो गया था...


आज ना छोड़ेंगे......








और हाँ अपने सबसे प्यारे दोस्त यानि पेड़ -पौधों के साथ भी मैं होली खेलना नहीं भूली... पिचकारी की धार में नहाकर देखिये ये सब भी खिल उठे..... 


सरररररर!!!!!!!!!!!!!........ होली है!!!!!!!


तो ये थी हमारी होली की मस्ती.... इसके बाद नहा-धो कर, साफ-सुथरे होकर हमने नए-नए कपड़े पहने... और तब तक भूख बहुत ज़ोरों से लग चुकी थी, तरह-तरह के पकवानों की खुशबू से हमारे मुँह में पानी आ रहा था... बस फिर क्या था.... हम सब खाने पर टूट पड़े.... अरे-अरे आप निराश मत होइए आपके लिए भी मैं कुछ बचाके लायी हूँ..... ये देखिये.......

ये हैं गांधीधाम की होली स्पेशल जलेबियाँ !!!!!

जी हाँ यहाँ होली पर गुझिया नहीं बल्कि जगह-जगह ये स्पेशल जलेबियाँ खूब मिलती हैं... होली के एक हफ्ते पहले से ही जगह-जगह दुकाने सज जाती हैं... बड़े-बड़े कड़ाहे चढ़ जाते हैं और ये गर्मागर्म जलेबियाँ (जिसे यहाँ घेवर कहते हैं) बिकनी शुरू हो जाती हैं...  
   
अरे लीजिए-लीजिए आप भी खा के देखिये बड़ी स्वादिष्ट हैं ये जलेबियाँ... तो आप इनके स्वाद का मज़ा लीजिए मैं तो अब बहुत थक गयी हूँ इसलिए अभी चलती हूँ थोड़ा आराम करके फिर आऊँगी... तब-तक के लिए.....बाय!!!!!!!!





Sunday, July 3, 2011

रुनझुन की पहली होली




हमारी लाडली..हमारी नन्ही परी अपनी बंद मुठ्ठी में हमारी खुशियों का ढेरों खज़ाना लेकर आई थी और जब-तब उसे लुटाकर हमें वैभववान बनाती रहती | उसकी मासूम और दिलकश अदाएं दिन-रात हमें मोहती रहतीं | वैसे एक-डेढ़ महीने तक तो बिटिया रानी ज़्यादातर दिन में सोतीं और लगभग पूरी रात जागती, हम भी उन्हीं के साथ हंसते-खिलखिलाते, जागते-खेलते... लेकिन अब बिटिया पूरे तीन महीने की हो चुकी थी और अब तक अपनी दादी से नहीं मिल पाई थी... दादी खुद चलकर बिटिया के पास आ नहीं सकती थी इसलिए बेटी को ही उनके पास जाना था... तो फिर इसके लिए होली से अच्छा मौका और क्या हो सकता था... तो बस हमने बिटिया की पहली रेलयात्रा की  तैयारी की और वो चल पड़ी हमारे साथ बनारस से रांची के लम्बे सफ़र पर... बहुत ही शान से बिटिया ने अपनी इस शाही यात्रा का लुत्फ़ उठाया...बिलकुल किसी प्रिन्सेज़ की तरह... ज़रा आप भी तो देखिये...

श्श्श्श.......... धीरे बोलियेगा...फूलों की शहजादी सो रही है, 
जाग न जाये कहीं .......!!! 

पापा के साथ रुनझुन ने रस्ते में बहुत सी नयी-नयी चीज़े भी देखी... पूरे आश्चर्य के साथ 

मम्मी के साथ मस्ती का सफ़र 

पापा की गोद में खिलखिलाती रुनझुन 

और यूँ ही मम्मी-पापा के साथ हंसते-खिलखिलाते, थोड़ा जागते, थोड़ा सोते कब बिटिया ने ये लम्बा सफ़र पूरा कर लिया पता ही नहीं चला... आखिर बिटिया को भी तो दादा-दादी से मिलने की जल्दी थी न... अंततः सफ़र ख़त्म हुआ और रुनझुन रांची पहुँच गयी... वहाँ दादा-दादी, ताऊ-ताई, दीदी, भैया सबसे मिलकर वो बहुत-बहुत खुश हुई...

दादी और नेहा दीदी के साथ रुनझुन दादू की गोद में 


और फिर तो रुनझुन ने होली में खूब मस्ती की | बाबू भैया और विक्की भैया तो होली खेलकर बिलकुल काले भूत बन गए थे... पहले तो रुनझुन उन्हें देखकर चौंकी लेकिन फिर उसे उनके साथ खूब मज़ा आया...  

बाबू भैया, विक्की भैया, बौबी भैया और नेहा दीदी के साथ रुनझुन 


अभी तो रुनझुन बहुत छोटी थी न इसलिए उसने तो बस रंग-बिरंगी लेकिन सूखी यानी गुलाल वाली होली खेली... होली के स्पेशल व्यंजन.. गुझिया, दही बड़े, चिप्स, पापड़ भी नहीं खा सकी... लेकिन अगली बार वो इन सबका आनंद ज़रूर लेगी और खूब सारी मस्ती भी करेगी क्योंकि रुनझुन होली के रंगों से बिलकुल नहीं डरती... आपने भी देखा ना!!!   






Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...